पंजाब में रोजाना गोलीबारी की घटनाए हर किसी को देहला कर रख रही है।अब अमृतसर के बाबा बकाला हलके के पास स्थित गांव ढुलके में अज्ञात व्यक्तियों ने एक किराने की दुकान के मालिक पर गोलीबारी की। इस हमले में एक व्यक्ति की छाती में गोली लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि यह गोलीबारी की घटना पहली बार नहीं है। पहले, इसी दुकानदार के घर पर गोलीबारी हुई थी, और यह मामला फिरौती की मांग से जुड़ा हुआ था।मृतक के पुत्र लखविंदर सिंह ने इस मामले के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 26 तारीख की रात को उनके घर पर पांच गोलियां चलाई गई थी, और 50 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई थी।
इस धमकी के बारे में तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की, लेकिन परिवार को कोई और फोन नहीं आया।परिवार का कहना है कि उन्हें उम्मीद थी कि मामला शांत हो गया है, लेकिन अचानक दो अज्ञात हमलावर दुकान पर पहुंचे और गोलीबारी कर दी। हमले के दौरान, पीड़ित के पिता को गोली मार दी गई, जिस कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस दौरान, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग करते हुए कहा है कि अगर शुरुआती शिकायत के बाद सख्त कार्रवाई की जाती तो जान न जाती। इस घटना के बाद गांववासी भी डर में हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे है।


