पंजाब एससी आयोग के अध्यक्ष जसबीर सिंह गढ़ी ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग को 8 दिन के अंदर गिरफ्तार करने की बात कही है। पूर्व मंत्री बूटा सिंह के खिलाफ टिप्पणी करने पर वड़िंग की गिरफ्तारी के आदेश दिए गए है। डीएसपी कपूरथला हरगुरदेव सिंह को चंडीगढ़ तलब कर पूछा गया कि वड़िंग को अभी तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया।
डीएसपी ने कहा कि वड़िंग के वीडियो की फोरेंसिक जांच करवाई जाएगी, जिसमें एक हफ्ते या दस दिन का समय लगेगा। दिवंगत बूटा सिंह के बेटे ने एससी प्रमाणपत्र दे दिया है। इसके बाद अध्यक्ष गढ़ी ने राजा वड़िंग को आठ दिनों के भीतर गिरफ्तार करने के आदेश दिए।गढ़ी ने कहा कि राजा वड़िंग कोई रॉबिनहुड नहीं है, जिसे आप ढूंढ नहीं सकते।
वड़िंग तरनतारन और नवांशहर में घूम रहे है, आप उन्हें ढूंढ क्यों नहीं सकते? वह खुले मैदान में खरगोश की तरह है, जबकि एक शिकारी अपने कुत्तों को जंजीरों से जकड़े हुए है।बता दें कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने 4 नवंबर को तरनतारन के एक गांव में पूर्व गृह मंत्री बूटा सिंह पर टिप्पणी की थी।
इसके बाद उनके खिलाफ कपूरथला में एफआईआर दर्ज की गई थी। बूटा सिंह के बेटे सरबजोत सिंह सिद्धू ने राजा वड़िंग के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी।


