गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पवित्र अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान आज अपने परिवार सहित अमृतसर स्थित श्री दरबार साहिब पहुंचे। मुख्यमंत्री ने दरबार साहिब में नतमस्तक होकर सर्व कल्याण, पंजाब की प्रगति और लोगों की सुख-शांति के लिए अरदास की।
इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए भगवंत मान ने कहा कि आज पूरी दुनिया में लाखों-करोड़ों संगत गुरु नानक देव जी के पवित्र स्थानों पर माथा टेक रही है और उनकी बाणी का सिमरन कर रही है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए बड़ा सौभाग्य है कि गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के दिन उन्हें श्री दरबार साहिब आकर श्रद्धा के साथ नतमस्तक होने का अवसर मिला।
करतारपुर कॉरिडोर के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि जब भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच तक हो रहे हैं, तो करतारपुर कोरीडोर भी खुला रहना चाहिए। इससे श्रद्धालुओं को सुविधा होगी और दोनों देशों के बीच व्यापार, रोजगार तथा आपसी विश्वास के नए रास्ते खुलेंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब गुरुओं, पीरों और शहीदों की धरती है।
उन्होंने अरदास की कि परमात्मा इस धरती पर बसने वाले लोगों को समझ, ताकत और सच्चे राह पर चलने की शक्ति बख्शे। उन्होंने यह भी कहा कि गुरु साहिब ने हमें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी ईमानदारी से निभाने की ताकत हमें मिले।


