पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्होंने तुरंत काम शुरू कर दिया है। अस्पताल से लौटते ही उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जानकारी दी कि वह बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए शुक्रवार सुबह 11 बजे एक बैठक बुलाएंगे।
इस बैठक में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के डिप्टी कमिश्नर वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए शामिल होंगे, जबकि सचिव और मुख्य सचिव उनकी चंडीगढ़ स्थित आवास पर मौजूद रहेंगे।बता दें कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को 6 दिन बाद गुरुवार दोपहर 4 बजे के बाद मोहाली के फोर्टिस अस्पताल से छुट्टी मिली।
अस्पताल से बाहर निकलते समय उन्होंने वहां मौजूद लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। 5 सितंबर की शाम को दिल की धड़कन धीमी होने और थकान की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान वह 9 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे में शामिल नहीं हो सके थे।
हालांकि, प्रधानमंत्री ने राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली थी।बैठक में बाढ़ प्रभावित लोगों को मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं, मुआवजे और बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए ठोस कदमों पर चर्चा की जाएगी।



