पिछले दिनों से बीमार चल रहे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को कल रात अस्पताल में भर्ती करवाना पढ़ा।तेज बुखार के कारण उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अस्पताल द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि भगवंत मान को थकावट और दिल की धड़कन धीमी होने की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया।
यहां डॉक्टरों की एक टीम ने उनकी जांच की। उनकी हालत इस समय स्थिर है। सीएम भगवंत मान दो दिन पहले बीमार हो गए थे। इस कारण ‘आप’ सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने का उनका कार्यक्रम भी स्थगित कर दिया गया था। तब से वह चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री निवास पर इलाजरत थे।
उनकी खराब सेहत के कारण शुक्रवार शाम को होने वाली कैबिनेट बैठक भी स्थगित करनी पड़ी। इसके बाद जब शाम को उनकी सेहत और बिगड़ गई, तब उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी हालत देखकर डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती करने की सलाह दी। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री मान की बिगड़ती सेहत के कारण मेडिकल टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।
अस्पताल प्रशासन ने मुख्यमंत्री की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अपनी टीम को भी अलर्ट पर रखा है। बताया जा रहा है कि सामान्य जांच के साथ-साथ मान के कुछ विशेष मेडिकल टेस्ट भी किए जा रहे हैं, ताकि असल कारण का पता लगाया जा सके।


