Tuesday, April 21, 2026

Google search engine
Homeनेशनलअहमदाबाद विमान हादसे के बाद एयर इंडिया पर एक्शन शुरू, DGCA ने...

अहमदाबाद विमान हादसे के बाद एयर इंडिया पर एक्शन शुरू, DGCA ने कहा- 3 सीनियर अधिकारियों को तुरंत हटाओ, जानें क्यों हुई कार्रवाई

NRI SANJH JALANDHAR (21 JUNE)

बार-बार फ्लाइट के गड़बड़ी के चलते एयर इंडिया पर एक्शन शुरू हो गया है। यह एक्शन डीजीसीए ने क्रू शेड्यूलिंग में गड़बड़ी के चलते लिया है। डीजीसीए ने एयर इंडिया को अपने तीन सीनियर अधिकारियों को तुरंत हटाने का आदेश दिया है। ये अधिकारी रोस्टरिंग विभाग में काम कर रहे थे। एयरलाइन ने कहा है कि उसे डीजीसीए का आदेश मिल गया है और उसे लागू कर दिया गया है।

डीजीसीए ने एयर इंडिया को कहा है कि वह तीनों अधिकारियों को क्रू शेड्यूलिंग से जुड़े सभी कामों से हटा दे। डीजीसीए के अनुसार, ये तीनों अधिकारी कई गलत कामों में शामिल थे। इनमें बिना अनुमति के क्रू की जोड़ी बनाना, लाइसेंस नियमों का उल्लंघन करना और फ्लाइट क्रू की ट्रेनिंग पूरी न करना शामिल है। डीजीसीए ने इसे शेड्यूलिंग और निगरानी में सिस्टम की विफलता बताया है।

क्या कहा एयरलाइन ने?

एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने कहा कि फिलहाल कंपनी के चीफ ऑपरेशंस ऑफिसर (COO) सीधे इंटीग्रेटेड ऑपरेशंस कंट्रोल सेंटर (IOCC) की निगरानी करेंगे। एयरलाइन ने कहा कि एयर इंडिया सुरक्षा नियमों और स्टैंडर्ड तरीकों का पूरी तरह से पालन करने के लिए प्रतिबद्ध है।

10 दिन के भीतर कार्रवाई के बारे में बताएं

आदेश में कहा गया है, “इन अधिकारियों के खिलाफ बिना देरी के आंतरिक अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू की जानी चाहिए और इस तरह की कार्यवाही के परिणाम की सूचना इस पत्र के जारी होने की तारीख से 10 दिनों के भीतर इस कार्यालय को दी जानी चाहिए।” डीजीसीए ने कहा कि अधिकारियों को समय-निर्धारण प्रथाओं में सुधारात्मक सुधारों के पूरा होने तक गैर-परिचालन भूमिकाओं में पुनः नियुक्त किया जाएगा तथा वे अगली सूचना तक उड़ान सुरक्षा और चालक दल के अनुपालन पर सीधे प्रभाव डालने वाले किसी भी पद पर नहीं रहेंगे।

अगली लापरवाही के लिए सख्त चेतावनी

आदेश में साफ किया गया है कि, “किसी भी पोस्ट-ऑडिट या निरीक्षण में चालक दल के शेड्यूलिंग मानदंडों, लाइसेंसिंग या उड़ान समय सीमाओं का भविष्य में उल्लंघन होने पर सख्त प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी। ऐसा होने पर पेनल्टी लगाने के साथ ही लाइसेंस रद्द किया जा सकता है या ऑपरेटर की अनुमति वापस ली जा सकती है।

12 जून को हुआ था भीषण विमान हादसा

बता दें कि, अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान 12 जून को टेक ऑफ के कुछ सेकेंड बाद हादसे का शिकार हो गया था। इस हादसे में विमान में सवार 242 में से 241 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, जिस इमारत से विमान टकराया था, उसमें मौजूद कई लोग भी मारे गए। इस हादसे में अबतक कुल 295 लोगों की मौत हो चुकी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments