NRI SANJH JALANDHAR (21 JUNE)
जालंधर के पिम्स अस्पताल के पास एक पॉश इलाके में शनिवार सुबह गोली चलने की घटना हुई। पंजाब कैडर की आईएएस अधिकारी बबीता कलेर के गनमैन ने एक व्यक्ति पर गोली चला दी, जिससे उसकी टांग में गोली लग गई। घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गोली चलाने वाला गनमैन बबीता कलेर के पति स्टीफन कलेर के साथ था।
जानकारी के मुताबिक, कुछ लोग अपने प्लॉट में मिट्टी डलवाने पहुंचे थे। उसी समय सामने रहने वाले स्टीफन अपने गनमैन के साथ बाहर आए और बहस के बाद गनमैन ने गोली चला दी। प्लॉट मालिकों का आरोप है कि उनके प्लॉट पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी।
बता दें कि स्टीफन कलेर पहले जालंधर देहात में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता रह चुके हैं और अब भी पार्टी से जुड़े हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्लाट में मिट्टी डालने को लेकर हुआ विवाद
जालंधर के पॉश इलाके बारादरी में शनिवार को प्लॉट में मिट्टी डालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया, जो देखते ही देखते इतना बढ़ा कि गोली चल गई। इस घटना में हरप्रीत सिंह नामक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके एक पैर से होकर दूसरे पैर में भी लग गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
प्लॉट मालिकों का आरोप है कि उनके प्लॉट पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी। विवाद के दौरान सरकारी गनमैन अश्विनी ने गोली चला दी। यह गनमैन पंजाब कैडर की आईएएस अधिकारी बबीता कलेर के पति स्टीफन कलेर के साथ था। जैसे ही गोली चली, आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्टीफन बोले- बचाव में चलाई गनमैन ने गोली
आम आदमी पार्टी के नेता स्टीफन कलेर ने कहा- प्लाट पर मिट्टी डालने के लिए पहुंचे लोगों को मालिक से बात करवाने के लिए कहा गया था। मेरी प्लाट मालिकों से बात करवाई गई और मैं अंदर चला गया था। मगर इस दौरान उक्त प्लाट पर मिट्टी डालने आए लोगों ने गनमैन के साथ लड़ाई शुरू कर दी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने मारपीट करने की कोशिश की, जिसके चलते गनमैन ने बचाव करते हुए गोली चलाई थी।
मिली जानकारी के अनुसार बबीता कलेर की बेटी रुषाली कलेर भी यूपीएससी क्रैक कर चुकीं हैं। फिलहाल उन्हें कैडर अलाट होना बाकी है। दो साल पहले बबीता कलेर की बेटी रुषाली कलेर ने UPSC की परीक्षा में 492वां रैंक हासिल किया था।
एसीपी बोलीं- मौके से बरामद हुआ खोल
एसीपी जगरूप कौर ने कहा- घटना स्थल पर गोली चलने की सूचना मिली थी। इस घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है। एसीपी ने माना की सरकारी कर्मी की ओर से गोली चलाई गई है। मौके पर लोगों ने गोली का खोल भी बरामद किया है। लोगों ने पुलिस पर कार्रवाई करने के आरोप लगाए है। वहीं, एसीपी जगरूप ने कहा- फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद मामले अगली कार्रवाई की जाएगी।