Wednesday, April 22, 2026

Google search engine
Homeपंजाबई चालान के नाम पर चंडीगढ़ में हो रहा फर्जीवाड़ा, ठग भेज...

ई चालान के नाम पर चंडीगढ़ में हो रहा फर्जीवाड़ा, ठग भेज रहे चालान के मैसेज

NRI SANJH JALANDHAR (25 January)

चंडीगढ़ में लगातार ट्रैफिक चालान के नाम पर फर्जी संदेश भेजने का फर्जीवाड़ा चल रहा है। ट्रैफिक पुलिस भी ऐसे फर्जी ई-चालान लिंक से बचने के लिए लोगों को जागरूक कर रही है। इसके लिए बाकायदा एडवाइजरी भी जारी की है कि ई-चालान होने की जानकारी व्हाट्सएप के जरिए मिली है तो सावधान हो जाएं। यह चालान फर्जी है। इसमें दिए लिंक पर क्लिक कर और बताए गए वाहन परिवहन एप (VAHANparivahan.apk) को डाउनलोड कर आप साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं।

फर्जीवाड़ा करने वाले ठग लोगों को उनके वाहन का चालान होने की जानकारी वाला एक मैसेज भेजते हैं। उसमें एक लिंक होता है। यह एक अलर्ट मैसेज होता है। इसमें दिए लिंक पर क्लिक कर लोगों को चालान की विस्तृत जानकारी और उसे अदा करने को कहा जाता है। व्यक्ति जब उस लिंक पर क्लिक करता है तो ठग उस मोबाइल से अहम जानकारी जुटा लेते हैं। उसके बाद धोखाधड़ी को अंजाम देते हैं।

फर्जी ई-चालान वाले लिंक के साथ चंडीगढ़ प्रशासन के लोगो वाला एक फोटो भी होता है। यह संदेश एक निजी नंबर से आता है। इस पर चंडीगढ़ आरटीओ से जुड़ी जानकारी भी प्रदर्शित होती है। सबसे नीचे चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस लिखा होता है, जो यकीन दिलाने की कोशिश करता है कि यह मैसेज ट्रैफिक पुलिस ने भेजा है। हालांकि, यह पूरी तरह फर्जी होता है।

चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि कभी भी ई-चालान अलर्ट मोबाइल पर या व्हाट्सएप के जरिए नहीं भेजा जाता। लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी वैधता अच्छे से जांच लें। अपने चालान की जानकारी प्राप्त करने के लिए परिवहन एप की असली वेबसाइट पर ही जाएं। बता दें कि https://echallan.parivahan.gov.in/index/accused-challan पर जाकर ई-चालान की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

24 जनवरी को सुरती चौधरी नामक महिला ने चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस से सवाल किया था कि उनकी गाड़ी की आरसी और चेसिस नंबर की जानकारी किसी तीसरे व्यक्ति के पास कैसे मौजूद है? हालांकि, इसका अब तक कोई जवाब नहीं मिला है। उन्होंने यह सवाल तब किया जब उन्हें भी व्हाट्सएप के जरिए उनके वाहन का ई-चालान प्राप्त हुआ था।

फर्जीवाड़ा करने वाले ठग एक नकली ई-चालान भेजते हैं। उसके साथ व्यक्ति के वाहन का आरसी नंबर और चेसिस नंबर भी लिखा होता है। इससे व्यक्ति को एहसास दिलाया जाता है कि यह चालान असली है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments