NRI SANJH JALANDHAR (1 February)
SGPC की तरफ से वीरवार को अमृतसर में एक विशेष बैठक SGPC प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी की तरफ से बुलाई गई। जिसमें सुल्तानपुर लोधी में हुए गोलीकांड को लेकर विचार चर्चा की गई। इस मीटिंग में शिरोमणी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने सीएम भगवंत सिंह मान से इस्तीफे की मांग कर दी है। मीटिंग के दौरान चार प्रस्तावों पर सहमति बनी और इसी के साथ सुल्तानपुर लोधी में हुए गोलीकांड को लेकर सीएम मान के खिलाफ FIR दर्ज करने का भी प्रस्ताव पास किया गया है।
SGPC प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि मीटिंग में कुल 4 मते पास किए गए। जिनमें सबसे पहले मते में सीएम भगवंत मान पर गुरुघर में हुई फायरिंग के आरोप लगाते हुए उन्हें अपने पद से इस्तीफा देने की बात कही गई। एडवोकेट धामी ने बताया कि सीएम भगवंत मान पंजाब के होम मिनिस्टर हैं और उनकी आज्ञा के बिना ऐसा होना संभव नहीं है। दूसरे प्रस्ताव में एसजीपीसी ने इस पूरे मामले में शामिल अधिकारियों व सीएम भगवंत मान के खिलाफ 295ए तहत FIR दर्ज करने की मांग रखी है।
इसी के साथ SGPC का एक वफद गवर्नर पंजाब बनवारी लाल पुरोहित से भी मिलेगा। गवर्नर से मुलाकात करके वे इस घटना में शामिल अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे। धामी ने बताया कि पहले ही कई मामलों में जांच के नाम पर सालों का इंतजार हो चुका है। बरगाड़ी व बहबलकलां बेअदबी और गोलीकांड की जांच 9 सालों से चल रही है। ऐसे में SGPC लगातार गुरुघरों में हो रही बेअदबियों को होने नहीं दे सकती। जांच के नाम पर इंतजार नहीं किया जा सकता है।
चौथे मते में SGPC ने फैसला किया कि अगर सरकार कोई कार्रवाई नहीं करेगी तो अदालत का रुख किया जाएगा। पहले पुलिस से इस मामले में FIR दर्ज करने की बात होगी। अगर सरकार की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं होती तो पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में सरकार के खिलाफ इस्तगासा दायर करेगी।


