NRI SANJH JALANDHAR (13 March)
जालंधर में विदेश भेजने के नाम पर 21 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। खुद को ASI का बेटा कहने वाले ट्रैवल एजेंट बेटे ने दंपती को कनाडा भेजने के नाम पर पैसे तो लिए मगर बाहर नहीं भेजा। थाना रामामंडी की पुलिस ने जैमल नगर के रहने वाले ट्रैवल एजेंट लवनीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पतारां के पास गांव खिच्चीपुर निवासी जसकरण सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी ब्यूटीशियन है और होशियारपुर रोड पर पार्लर चलाती है। ट्रैवल एजेंट लवनीत सिंह पार्लर में आया और कहा कि वह पंजाब पुलिस में तैनात ASI का बेटा है। जसकरण ने बताया कि लवनीत ने उनके साथ करार किया था कि वह पति पत्नी को विजिटर वीजा पर विदेश भेज देगा जिसके लिए उसने 26 लाख रुपए मांगे थे।
जसकरण ने बताया की उन्होंने 8 जुलाई 2022 को लवनीत सिंह को उसके घर जाकर पासपोर्ट और एक लाख रुपए दे दिए। 9 दिसंबर 2022 को कागजात तैयार करवाने के लिए एक लाख 10 हजार रुपए दिए। 12 दिसंबर 2022 को उसने साढ़े 3 लाख रुपए और दिए। जिसके बाद लवनीत सिंह ने कहा कि वीजा आ गया है, 7 लाख रुपए दे दो। पासपोर्ट लेने दिल्ली जाना है। उन्होंने लवनीत सिंह को सात लाख रुपए भी दे दिए।
पैसे देने के बाद न पासपोर्ट दिया न वीजा
पीड़ित ने बताया कि एक महीना बीतने के बाद लवनीत सिंह ने उनसे एयर टिकट, इंश्योरेंस और अन्य कामों के लिए कुल 21 लाख रुपए ले लिए हैं। मगर न तो वीजा लगा पासपोर्ट दिया और न ही पैसे वापस किए। फिर उसने फोन बंद कर लिया। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई और पुलिस ने जांच के बाद केस दर्ज किया है।


