NRI SANJH JALANDHAR (10 MAY)
पंजाब के कई शहरों में शुक्रवार रात के बाद शनिवार सुबह धमाकों की आवाज सुनाई दी। पूरे पंजाब में हाई अलर्ट है। शनिवार सुबह भी जालंधर में कई धमाके हुए और ड्रोन भी गिराए गए है। नाहला गांव, समस्तपुर, रायपुर, बस्ती दानिशमंदा, आदमपुर के कई गांवों में इसके हिस्से गिरे है।
जालंधर में घरों से बाहर निकलने पर रोक
जालंधर में सुबह 8:09 पर रेड अलर्ट सायरन बजा और कई जगह पर धमाके की आवाज आई। प्रशासन ने बड़ी संख्या में इकट्ठे होने पर रोक लगा दी। लोगों को घर से निकलने को मना किया गया है। प्रशासन ने ऊंची बिल्डिंगों में जाने से रोका है, वहीं जालंधर कैंट और आदमपुर मार्केट को बंद रखने के आदेश दिए हैं। जालंधर में माल और कमर्शियल इमारत को बंद रखने के लिए कहा गया है। प्रशासन ने कहा लोग घबराए नहीं स्थिति कंट्रोल में है जो आदेश मिल रहे हैं उनका पालन करें।
फगवाड़ा में देर रात गिरी मिसाइल, 10 फीट का गड्ढा बना
फगवाड़ा में देर रात करीब दो बजे नजदीकी गांव खलियाण में पाकिस्तानी मिसाइल गिरने की सूचना मिली है। मिसाइल खेतों में गिरी जिससे खेत में 10 फीट से ज्यादा गहरा गड्ढा हो गया है। देर रात हुए ब्लास्ट के बाद प्रशासन द्वारा देर रात को ब्लैक आउट कर दिया गया। ब्लास्ट की सूचना मिलते ही फगवाड़ा के आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और फायर बिग्रेड की गाड़ियों को बुला कर ब्लास्ट की वजह से लगी आग पर भी काबू पाया गया।
जालंधर वेस्ट में दो धमाके
जालंधर वेस्ट के बस्ती दानिशमंदा और बस्ती पीरदाद इलाके के निकट गांव नाहला में कुछ समय पहले दो जोरदार बम धमाके हुए, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। धमाकों की आवाज सुनते ही लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। एक धमाका पूर्व विधायक शीतल अंगुराल के ऑफिस से महज़ 200 मीटर की दूरी पर हुआ है। धमाकों के बाद पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। प्रशासन मौके पर पहुंच चुका है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
चंडीगढ़ में फाइटर जेट्स की मूवमेंट दर्ज
सेक्टर-42/43 के आसपास रहने वाले कई लोगों का कहना है कि कल देर रात उन्होंने धमाके की आवाज सुनी। चंडीगढ़ प्रशासन ने किसी भी धमाके से इनकार किया है। कल रात चंडीगढ़ के आसमान में कई जगह फाइटर जेट्स की मूवमेंट देखी गई।
फिरोजपुर में सभी बाजार बंद
फिरोजपुर में तनाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी बाजार बंद करवा दिए हैं। फिरोजपुर डिप्टी कमिश्नर दीपशिखा शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन हेड क्वार्टर आर्मी के संपर्क में है जैसे ही स्थिति नाजुक होती है तो सायरन बजाकर लोगों को सूचित किया जाएगा।
कपूरथला में धमाकों की आवाज से लोगों में दहशत
कपूरथला के विभिन्न एरिया में आधी रात को धमाकों की आवाजें सुनाई देती रही। सुल्तानपुर लोधी एरिया में कई धमाके होने की आवाजें लोगों ने सुनी। ड्रोन की एक्टीविटी बढ़ने पर देर रात तीन बजे जिला प्रशासन ने ब्लैक आउट घोषित कर दिया और सुबह पांच बजे ब्लैक आउट समाप्त कर दिया गया। हालांकि लोगों ने एहतियातन अपने घरों की लाइटें बंद रखी, लेकिन मुकम्मल ब्लैक आउट नहीं देखना को मिला।
कपूरथला के खेतों में मिला मिसाइल का खोल
कपूरथला के गांव नूरपुर लुबाना के खेतों से मिसाइल का खोल बरामद हुआ है। थाना ढिलवां के अधीन आते गांव नूरपुर लुबाना (कपूरथला) में अमरजीत और हरजीत सिंह के खेतों में रात करीब 1:30 बजे खोल आकर गिरा। किसी भी तरह के जानी-माली नुकसान से बचाव रहा। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट चुकी है।


