NRI SANJH JALANDHAR (2 OCTOBER)
ईरान और इज़राइल के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए भारत सरकार ने बुधवार को अपने नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण यात्रा एडवाइजरी जारी की। इस एडवाइजरी में भारतीय नागरिकों को ईरान की गैर-आवश्यक यात्राओं से बचने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही, ईरान में रह रहे भारतीयों को सतर्क रहने और भारतीय दूतावास के संपर्क में रहने की अपील की गई है।
विदेश मंत्रालय ने बयान जारी करते हुए कहा कि ईरान और इजरायल के बीच हालिया सुरक्षा स्थिति को ध्यान में रखते हुए भारतीय नागरिकों को सतर्क रहना चाहिए। मंत्रालय ने ईरान में रहने वाले भारतीयों को निर्देश दिया है कि वह किसी भी तरह की इमरजेंसी होने पर भारतीय दूतावास से संपर्क बनाए रखें।
भारत सरकार ने क्यों जारी की यह एडवाइजरी?
ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के कारण भारत सरकार ने यह यात्रा एडवाइजरी जारी की है। ईरान में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस एडवाइजरी को जारी किया गया है। क्षेत्रीय संघर्ष में हालिया वृद्धि के चलते सरकार ने भारतीय नागरिकों को गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की सलाह दी है। ईरान और इजरायल के बीच चल रहे संघर्ष ने पूरे क्षेत्र में अस्थिरता पैदा कर दी है, जिससे दूसरे देशों में भी चिंता बढ़ी है। इसी कारण भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह यात्रा एडवाइजरी जारी की गई है।
संघर्ष के हालात पर नजर बनाए रखी जा रही है
विदेश मंत्रालय ने यह स्पष्ट किया कि वे इस क्षेत्र की स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए हैं। मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि भारत सरकार ईरान और इज़राइल के बीच बढ़ते तनाव की स्थिति को करीब से मॉनिटर कर रही है और आवश्यकतानुसार उचित कदम उठाएगी। ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे हर स्थिति में सतर्क रहें और ईरान के भीतर कहीं भी यात्रा करने से पहले भारतीय दूतावास के संपर्क में रहें। इसके साथ ही, उन्हें स्थानीय कानूनों और सुरक्षा उपायों का पालन करने की सलाह दी गई है।




