56 साल के व्यक्ति से 1.37 करोड़ रूपए की ठगी, ठग ने मोबाइल बैंकिंग से निकलवाए पैसे

NRI SANJH JALANDHAR (23 SEPTEMBER)

Advertisement
Google search engine

पंजाब के जालंधर में एक 56 वर्षीय व्यक्ति से करीब 1.37 करोड़ रुपए की ठगी हो गई। पीड़ित का खाता गुजराल नगर स्थित एक्सिस बैंक की ब्रांच में था। लुधियाना के एक व्यक्ति ने पीड़ित के खाते में अपना नंबर अटैच करवा दिया और फिर थोड़े थोड़े कर करीब 1.37 करोड़ रुपए निकलवा लिए।

इस मामले में थाना डिवीजन नंबर-4 की पुलिस ने पीड़ित विर्क एनक्लेव, वडाला चौक के पास रहने वाले सुदेश कुमार पुत्र जगन्नाथ के बयानों पर आरोपी पाए गए गुरसेवक सिंह पुत्र अमर जीत सिंह निवासी गोबिंद नगर लुधियाना के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी फिलहाल बाकी है। सिटी पुलिस की टीम आरोपी की तलाश कर रही हैं।

आरोपी ने अपना नंबर एड करवा चलाई मोबाइल बैंकिंग

पुलिस को दिए गए बयानों में पीड़ित सुदेश कुमार ने कहा कि शहर के गुजराल नगर में स्थित एक्सिस बैंक में उसका खाता है। 1 अगस्त से 5 अगस्त के बीच उनके निजी खाते से करीब 1.37 करोड़ रुपए थोड़े थोड़े कर निकाले गए। पीड़ित ने जब बैंक से स्टेटमेंट निकलवाई तो पता चला कि किसी दूसरे व्यक्ति ने बैंक से अपना नंबर उनके खाते से अटैच करवाया हुआ है।पीड़ित ने कहा कि फोन नंबर लिंक होने के बाद आरोपी ने उनके खाते की सारी जानकारी हासिल कर ली थी। जिसके बाद आरोपी ने उक्त नंबर से अपने फोन ने सुदेश की मोबाइल बैंकिंग खोल ली। फिर आरोपी ने कई बार में अलग अलग खातों में करीब 1 करोड़ 37 लाख 15 हजार 310 रुपए ट्रांसफर कर लिए।

मामले की लंबी जांच के बाद केस दर्ज

जानकारी के अनुसार जब पीड़ित को सारे मामले के बारे में पता चला तो तुरंत शिकायत कमिश्नरेट पुलिस को दी गई थी। जालंधर सेंट्रल के एसीपी निर्मल सिंह द्वारा मामले की जांच के बाद अब केस दर्ज करने के आदेश दिए गए थे। पुलिस ने इस मामले में अब एफआईआर दर्ज कर ली है।

Advertisement
Google search engine