NRI SANJH JALANDHAR (15 SEPTEMBER)
जालंधर के सबसे पॉश इलाकों में से एक आदर्श नगर में एक्टिवा सवार 3 लुटेरों ने पुलिस अधिकारी के घर से थोड़ी दूर एक घर में काम कर रहे नेपाली व्यक्ति को लूट लिया। शनिवार देर रात तेजधार हथियारों से लैस आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित अपने मालिक के घर लौट रहा था, तभी घर के बाहर वारदात को अंजाम दिया गया। उसने वारदात स्थल से भागने की भी कोशिश की, लेकिन नाकाम रहा। मामले में थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
तेजधार हथियार लेकर आए थे आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार जहां पर ये घटना हुई, उसके सामने वाले घर में पीड़ित काम करता था। घर के बाहर लगे सीसीटीवी में सारी घटना कैद हो गई थी। सीसीटीवी में साफ नजर आ रहा है कि एक एक्टिवा पर सवार होकर आए तीन लुटेरे युवक को रोकते हैं। किसी भी लुटेरा का मुंह ढंका नहीं हुआ था।
पहले आरोपी घर से करीब 20 मीटर दूर उसे रोकने की कोशिश करते हैं, मगर वह किसी तरह गाड़ी के पीछे से भागता है। वह अभी घर के पास पहुंचा ही था कि इतने में लुटेरा पीछा कर उसे पकड़ लेता है। जिसके बाद तेजधार हथियार दिखाकर आरोपी उससे पैसे लेकर फरार हो जाता है।




