NRI SANJH JALANDHAR (22 MAY)
जालंधर की कोर्ट ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के आरोपी जगतार सिंह तारा को गोराया में दर्ज एक मामले में बरी कर दिया है। जगतार सिंह तारा पर 2012 में गोराया में गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। केस की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की गई। इस बारे में जगतार सिंह तारा के एडवोकेट के एस हुंदल ने जानकारी दी।
2004 में 20/21 जनवरी की मध्यरात्रि में बुडै़ल जेल की बैरक नंबर-7 में बंद पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बेअंत सिंह हत्या के दोषी जगतार सिंह तारा, परमजीत सिंह भ्यौरा, उनके कुक और हत्या के मामले संलिप्त देव सिंह देवी सुरंग खोदकर जेल से भाग गए थे।
आरोपियों ने बैरक में टॉयलेट सीट को उखाड़कर अंदर ही अंदर 94 फीट लंबी सुरंग खोदी थी। इस सुरंग में एक समय पर एक व्यक्ति जा सकता था। सुरंग खोदने के समय मिट्टी यहां वहां न गिरे, इसके लिए आरोपी साथ-साथ मिट्टी का लेप कर देते थे। सुरंग बुडैल जेल की दीवार तक खोदी गई जहां तक पहुंचने के बाद आरोपी दीवार फांदकर भागे।
आरोपियों ने सुरंग का मुंह खेतों की तरफ खोला था। वहां से निकलने के बाद 15-20 कदम की दूरी तक पहुंचकर दीवार फांद भाग गए थे। दीवार पर कांच के टुकड़े लगे थे, लेकिन उन पर कपड़ा डालकर आरोपी फरार हुए थे।


