पंजाब के 12 जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। चंडीगढ़ में मौसम साफ रहेगा। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य के न्यूनतम तापमान या रात के तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है, जिससे यह सामान्य के करीब पहुंच गया है।हालांकि, इस सीजन में पहली बार फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है।
चंडीगढ़ में तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम है।मौसम विभाग के अनुसार, आज पंजाब में पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, तरनतारन, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, रूपनगर, लुधियाना, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब और नवांशहर में अलग-अलग जगहों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
29 नवंबर को भी ऐसा ही मौसम रहने की उम्मीद है। हालांकि, बारिश का कोई अनुमान नहीं है। 30 नवंबर को भी मौसम सूखा रहेगा। मौसम विभाग ने इस दिन के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है।अगले हफ्ते पंजाब में मौसम सूखा रहने की उम्मीद है। इस दौरान राज्य में कहीं भी भारी बारिश की संभावना नहीं है।
अधिकतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। दिन का तापमान सामान्य से ज़्यादा रह सकता है। उत्तरी पंजाब में न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस और राज्य के बाकी हिस्सों में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। रात का तापमान सामान्य के आसपास ही रहेगा।


