आईफोन की दीवानगी भारत समेत पूरी दुनिया में कोई नई बात नहीं है. एक बार फिर वही तस्वीर देखने को मिल रही है जो नए आईफोन के मार्केट में पहली बार बिक्री के लिए उपलब्ध होने पर देखने को मिलती है. राजधानी दिल्ली हो, आर्थिक राजधानी मुंबई या टेक राजधानी बेंगलुरु, देशभर में आईफोन खरीदने के लिए भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
ऐपल के सबसे नए और अत्याधुनिक फ्लैगशिप स्मार्टफोन iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की पहली सेल शुरू हो गई है. सेल के ओपन होते ही दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे देश के प्रमुख टेक हब में स्थित ऐपल स्टोर्स के बाहर खरीदारों का भारी जनसैलाब कल रात से ही देखने को मिल रही है. लोग अपने पसंदीदा गैजेट को सबसे पहले हासिल करने के लिए रातभर लंबी कतारों में डटे रहे।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नए आईफोन की लॉन्चिंग हमेशा से एक बड़े उत्सव की तरह होती है. इस बार भी साकेत स्थित सेलेक्ट सिटीवॉक मॉल में बने आधिकारिक ऐपल स्टोर के बाहर का नजारा अद्भुत है. स्टोर के बाहर रातभर कैंपिंग करने वाले टेक प्रेमियों का उत्साह चरम पर था. देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे ऐपल फैंस, कलेक्टर्स और टेक क्रिएटर्स नए प्रो मॉडल्स के फीचर्स का अनुभव करने के लिए बेताब दिखे।


