फतेहगढ़ साहिब में हुए एक सड़क हादसे में चंडीगढ़ के रहने वाले पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब वे गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब में माथा टेककर घर लौट रहे थे। मरने वालों की पहचान धर्मवीर सिंह और उनकी पत्नी शशि बाला के तौर पर हुई है। जानकारी के मुताबिक, हादसा गांव आलमपुर के पास हुआ।
सामने से आ रहे एक ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही बस्सी पठाना थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच अधिकारी हरपिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है। ट्रक ड्राइवर दलजीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी अभी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।


