Friday, April 3, 2026

Google search engine
Homeपंजाबडीसी जालंधर ने बेसहारा पशुओं को सड़कों पर न छोड़ने की अपील...

डीसी जालंधर ने बेसहारा पशुओं को सड़कों पर न छोड़ने की अपील की

जालंधर जिला प्रशासन की हिदायतों पर नगर निगम जालंधर द्वारा लगातार किए गए प्रयासों के कारण शहर के 21 वार्डों को पूरी तरह बेसहारा पशुओं से मुक्त करने में सफलता हासिल की गई है।डिप्टी कमिश्नर डा. हिमांशु अग्रवाल ने आज यहां सोसाइटी फॉर प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स, जिला पशु भलाई सोसाइटी और एनिमल बर्थ कंट्रोल रूल्स 2023 संबंधी समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए बेसहारा पशुओं और नागरिकों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित बनाने की वचनबद्धता दोहराई।

उन्होंने बताया कि नगर निगम की टीमों द्वारा विभिन्न वार्डों की चेकिंग करके बेसहारा पशुओं को गौशालाओं में पहुंचाया गया, जिससे शहर के अंदरूनी हिस्सों में बेसहारा पशुओं की समस्या को सफलतापूर्वक निपटाया गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में नगर निगम को संबंधितों द्वारा वार्ड बेसहारा पशु मुक्त होने संबंधी सर्टिफिकेट भी सौंपे गए है।

इस मौके पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) जसबीर सिंह भी मौजूद थे।डा. अग्रवाल ने नगर निगम के अधिकारियों को शहर के अन्य वार्डों को भी इसी तर्ज पर बेसहारा पशुओं से मुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खासकर शहर के बाहरी इलाकों में विशेष ध्यान दिया जाए ताकि बेसहारा पशुओं को शहर में प्रवेश करने से रोका जा सके।

इस दौरान डिप्टी कमिश्नर ने एनिमल बर्थ कंट्रोल (ए.बी.सी.) प्रोग्राम के तहत आवारा कुत्तों की स्टेरलाइजेशन का भी जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इस प्रोग्राम के तहत वार्ड नंबर 8, 9, 10 और 11 में आवारा कुत्तों की स्टेरलाइजेशन सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है और अब वार्ड नंबर 5, 6 और 12 में स्टेरलाइजेशन का काम जारी है।

उन्होंने बताया कि इस प्रोग्राम के तहत मार्च महीने के दौरान लगभग 400 कुत्तों की स्टेरलाइजेशन की गई है।डा. अग्रवाल ने पशु पालन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पशु पालकों और डेयरी मालिकों को दूध छोड़ चुके पशुओं को बेसहारा छोड़ने की बजाय कन्नियां कलां और करतारपुर स्थित सरकारी गौशालाओं में भेजने के लिए जागरूक किया जाए

ताकि बेजुबान पशुधन की उचित देखभाल सुनिश्चित की जा सके।डिप्टी कमिश्नर ने यह भी बताया कि जिला प्रशासन द्वारा बेसहारा पशुओं को सार्वजनिक तौर पर सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर छोड़ने पर पाबंदी लगाई गई है। उन्होंने पुलिस विभाग को इस पाबंदी को सख्ती से लागू करने के निर्देश देने के साथ-साथ उल्लंघन करने वालों पर बनती कानूनी कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश भी दिए।

डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि बेसहारा पशुओं की उचित देखभाल के लिए प्रशासन द्वारा एक हेल्पलाइन नंबर 9646-222-555 भी जारी किया गया है, जिस पर नागरिक घायल, बीमार या बेसहारा पशुओं की सूचना दे सकते है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह बेसहारा पशुओं संबंधी सूचना देने और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर पर व्हाट्सएप मैसेज करें।

उन्होंने यह भी अपील की कि बेसहारा पशुओं को सड़कों पर छोड़ने की बजाय प्रशासन द्वारा चलाई जा रही गौशालाओं में भेजा जाए।बैठक के दौरान ज्वाइंट कमिश्नर नगर निगम जालंधर मंदीप कौर के अलावा पशु पालन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments