अक्टूबर 2025 में पंजाब से राज्यसभा के लिए नवनिर्वाचित सदस्य रजिंदर गुप्ता ने अपनी जीत के लिए आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, पंजाब के पार्टी प्रभारी मनीष सिसोदिया और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेतृत्व का दिल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताकर उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे पूरा करने के लिए वे पूरी मेहनत करेंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व की जनहितैषी नीतियों के अनुसार, वे राज्यसभा के अंदर और बाहर अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का विशेष तौर से आभार व्यक्त किया, जो उनके साथ नामांकन पत्र दाखिल करने के समय भी गए थे और जिन्होंने उनकी इस जीत को सुनिश्चित करने के लिए पूरे समर्पण के साथ महत्वपूर्ण योगदान दिया।
गुप्ता ने कहा कि पंजाब के हितों के लिए मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए हर निर्देश के अनुसार वे राज्यसभा सदस्य के रूप में अपनी जिम्मेदारी पंजाब के लोगों के प्रति निभाएंगे।उन्होंने पार्टी के उन सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों का भी धन्यवाद किया जिन्होंने उन्हें चुने जाने पर बधाई दी। बता दें कि रजिंदर गुप्ता को 16 अक्तूबर को राज्यसभा की खाली सीट के लिए निर्विरोध विजेता घोषित किया गया था। आम आदमी पार्टी ने उन्हें औपचारिक तौर पर अपना उम्मीदवार घोषित किया था।


