नवरात्रि से ठीक पहले माता वैष्णो देवी के लाखों भक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। भीषण भूस्खलन के कारण 22 दिनों तक बंद रहने के बाद, श्री माता वैष्णो देवी की पवित्र यात्रा आज बुधवार, 17 सितंबर से एक बार फिर शुरू हो गई है। मौसम साफ होने के बाद श्राइन बोर्ड ने यात्रा को फिर से शुरू करने की अनुमति दे दी, जिसके बाद कटरा स्थित आधार शिविर में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है।26 अगस्त को जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं के बीच अर्धकुंवारी के पास यात्रा मार्ग पर एक बड़ा भूस्खलन हुआ था।
इस दुखद हादसे में 34 तीर्थयात्रियों की जान चली गई थी और 20 अन्य घायल हो गए थे। इस घटना के बाद, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने सुरक्षा कारणों से यात्रा को तुरंत स्थगित कर दिया था। पिछले 22 दिनों से यात्रा मार्ग की मरम्मत और उसे सुरक्षित बनाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा था।श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जानकारी देते हुए कहा था, “जय माता दी… वैष्णो देवी यात्रा 17 सितंबर 2025 (बुधवार) से अनुकूल मौसम की स्थिति में फिर से शुरू होगी।
” इस घोषणा के बाद कटरा में इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं में खुशी की लहर दौड़ गई और रजिस्ट्रेशन काउंटर पर भारी भीड़ देखी जा रही है।यात्रा को फिर से शुरू करने का यह फैसला उन श्रद्धालुओं के विरोध प्रदर्शन के दो दिन बाद आया है, जो यात्रा शुरू करने की मांग कर रहे थे। पहले यात्रा 14 सितंबर को शुरू होनी थी, लेकिन लगातार बारिश के कारण इसे टालना पड़ा था। अब, नवरात्रि से ठीक पहले यात्रा के शुरू होने से इसे माता का बुलावा माना जा रहा है।


