पंजाब में अगले दो दिन बारिश होने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 11 और 12 सितंबर को पंजाब के कई जिलों में हल्की से भारी बारिश हो सकती है। इससे एक ओर किसानों को राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर बाढ़ प्रभावित इलाकों में हालात बिगड़ने की आशंका भी बनी हुई है।
पिछले कुछ दिनों में राज्य की नदियों के जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई थी, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली थी। वहीं, हिमाचल प्रदेश में भी बारिश कम होने के कारण वहां बने बांधों का जलस्तर लगातार घट रहा है। इससे पंजाब में बाढ़ का खतरा कुछ हद तक कम हुआ है। हालांकि, आने वाली बारिश ने लोगों की चिंता फिर बढ़ा दी है।मौसम विभाग के अनुसार, 11 सितंबर को बारिश की संभावना है। इसके साथ ही 12 सितंबर और 13 सितंबर को भी बारिश का असर जारी रहेगा।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। बारिश के दौरान निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। वहीं, ग्रामीण इलाकों में खेतों और कच्चे रास्तों पर आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है। राज्य सरकार और प्रशासन ने भी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।


