ओम वीजा कंपनी का कर्मचारी चौथी मंजिल से गिरा, कंपनी के मालिक पर FIR दर्ज

NRI SANJH JALANDHAR (31 AUGUST)

Advertisement
Google search engine

जालंधर बस स्टैंड के पास स्थित ओम वीजा इमिग्रेशन कंपनी के ऑफिस में एक कर्मचारी की चौथी मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई है। मृतक की पहचान गौरव के रूप में हुई है। गौरव पिछले काफी समय से इस कंपनी में काम कर रहा था। इस घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गौरव चौथी मंजिल से नीचे गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। मृतक के परिवार ने कंपनी को ही गौरव की मौत का जिम्मेदार बताया है।


परिजनों को कहना है कि कंपनी के काम के चक्कर में गौरव काफी समय से परेशान चल रहा था। साथ ही उन्होंने बताया की काम के सिलसिले में कंपनी से गौरव को जान से मारने की धमकी दी जाती थी। फिलहाल पुलिस ने कंपनी के मालिक साहिल भाटिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।


गौरव पिछले करीब तीन साल से ओम वीजा कंपनी में कार्यरत था। फिलहाल पुलिस सुसाइड के एंगल से पूरे मामले की जांच कर रही है। मौके पर पहुंची बस स्टैंड की पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया था। घटनास्थल से पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ली है। वीडियो में गौरव चौथी मंजिल से नीचे गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। गौरव के नीचे गिरते ही आसपास भगदड़ सी मच गई और लोगों ने तुंरत गौरव के पास जाकर एम्बुलेंस बुलाई।


पारिवारिक सदस्यों के अनुसार उन्हें करीब साढ़े 9 बजे फोन आया की उनके बेटे को पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (PIMS) में भर्ती करवाया गया है। परिवार को तुरंत अस्पताल में आने के लिए कहा गया। आनन फानन में जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने बताया की गौरव को मृत हालत में ही अस्पताल में लाया गया था। बेटे की लाश को देख परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। साथ ही मृतक के परिजनों ने अस्पताल पर खूब हंगामा भी किया।


पारिवारिक सदस्यों ने कहा- ऐसा कैसे हुआ हमें नहीं पता, मगर हमारा बच्चा काफी परेशान था। रोजाना उसे तंग किया जाता था। गौरव अक्सर कहता था कि मैं यहां पर नौकरी नहीं करना चाहता।
बस स्टैंड चौकी इंचार्ज मेजर सिंह ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया की मृतक गौरव के पिता द्वारा दिए गए बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस को कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है जिस कारण ये स्पष्ट नहीं हो रहा है कि आखिर गौरव ने आत्महत्या क्यों की। लेकिन मामले की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने ओम वीजा इमिग्रेशन कंपनी के मालिक साहिल भाटिया के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। बता दें कि यह मामला थाना डिवीजन नंबर-6 में दर्ज किया गया है।

Advertisement
Google search engine