NRI SANJH Jalandhar (26 April)
जनरल टिकट लेकर यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए एक खुशखबरी है। यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर यूटीएस ऑन मोबाइल एप में यात्रा टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट दोनों के लिए बाहरी सीमा जियो-फेंसिंग दूरी का प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है। इससे अब रेल यात्री घर बैठे ही भारतीय रेल के किसी भी स्टेशन से किसी भी स्टेशन के लिए अपना अनारक्षित टिकट व प्लेटफॉर्म टिकट बुक कर सकते हैं। हालांकि जियो फेंसिंग की आंतरिक सीमा अपरिवर्तित रहेगी। यानी अगर आप रेलवे स्टेशन के आसपास हैं तो केवल स्टेशन परिसर के बाहर से ही टिकट बुकिंग की अनुमति मिलेगी।
गौरतलब है कि वर्तमान समय में UTS ऑन मोबाइल ऐप से टिकट बुक करने के लिए बाहरी सीमा जियो-फेंसिंग दूरी का प्रतिबंध 20 किलोमीटर का था यानी कोई भी यात्री वर्तमान में किसी स्टेशन से अधिकतम 20 किमी की दूरी तक ही उस स्टेशन से यात्रा के लिए अनारक्षित टिकट या प्लेटफॉर्म टिकट बुक कर सकता था। अब यह प्रतिबंध हटा दिया गया है। जिसके चलते जनरल टिकट और प्लेटफार्म टिकट आप अपने मोबाइल ऐप से घर बैठे ही बुक कर सकते हैं।


