सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा आदेश जारी करते हुए FSSAI और केंद्र सरकार को निर्देश दिया है कि खाने के पैकेट के सामने लाल रंग के षटकोण (Hexagon) में चेतावनी वाला निशान लगाना होगा। पैकेट पर हाई फैट, शुगर और नमक की जानकारी देना भी जरूरी है।सुप्रीम कोर्ट ने पैकेट में बिकने वाले खाने की चीजों को लेकर कहा है कि जिन खाद्य पदार्थों में फैट, शुगर या नमक की मात्रा तय सीमा से ज्यादा है
, उनके पैकेट के सामने अलग-अलग चेतावनी वाले निशान लगाने होंगे। इन निशानों के जरिए ग्राहकों को आसानी से पता चल सकेगा कि किसी खाने में फैट, शुगर या नमक कितना ज्यादा है। जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की बेंच ने केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को इस व्यवस्था को सही तरीके से लागू करने के निर्देश दिए हैं।सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि हर चेतावनी का निशान लाल रंग के षटकोण (छह कोने वाले निशान) के रूप में होना चाहिए।
इस पर संबंधित जानकारी और तस्वीर भी होनी चाहिए। जैसे हाई फैट, हाई शुगर या हाई सॉल्ट। यानी अगर किसी पैकेट में फैट, शुगर और नमक तीनों की मात्रा तय सीमा से ज्यादा है, तो उसके लिए तीन अलग-अलग चेतावनी वाले निशान लगाने होंगे। एक ही निशान में तीनों की जानकारी देना काफी नहीं होगा।
सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को निर्देश दिया कि खाने में शुगर की कुल मात्रा (Total Sugar) और सैचुरेटेड फैट को ध्यान में रखकर चेतावनी की सीमा तय की जाए। केवल ऊपर से मिलाई गई चीनी या फैट को आधार नहीं बनाया जाना चाहिए। कोर्ट ने कहा कि चेतावनी की सीमा तय करते समय वैज्ञानिक तथ्यों और रिसर्च का ध्यान रखा जाए। अगर सीमा बहुत कम रखी गई तो लगभग हर पैकेट पर चेतावनी लगानी पड़ेगी। इससे लोग इन निशानों को गंभीरता से लेना बंद कर सकते हैं। वहीं, अगर सीमा बहुत ज्यादा रखी गई तो कई ऐसे उत्पाद भी चेतावनी से बच जाएंगे, जिनमें नुकसान पहुंचाने वाले तत्व ज्यादा हैं।


