भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे जिला तरनतारन में बी.एस.एफ. की 115 बटालियन और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एन.सी.बी.) द्वारा की गई संयुक्त कार्रवाई के दौरान पंजाब पुलिस के एक हेड कांस्टेबल को करीब 15 किलो हेरोइन के साथ काबू किए जाने का मामला सामने आया है।
मुलजिम की कार से 15 किलो हेरोइन के 3 पैकेटों के अलावा एक रिवाल्वर, 5 जिंदा राउंड, करीब 7000 रुपये की नकदी, 2 मोबाइल फोन, 5 पहचान कार्ड, ए.टी.एम. कार्ड के अलावा एक डोंगल और मोबाइल चार्जर बरामद हुए।बता दें कि मुलजिम की पहचान करनबीर सिंह निवासी गांव भूसे, जिला तरनतारन के रूप में हुई है।
मुलजिम पिछले कुछ समय से थाना खालड़ा के अधीन आने वाले सीमावर्ती गांव वां में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर लगी कांटेदार तार के पास एंटी ड्रोन सिस्टम से संबंधित ड्यूटी निभा रहा था। इस मामले में मुलजिम के पाकिस्तान में बैठे नशा तस्करों के साथ संभावित संबंधों को लेकर सुरक्षा और
खुफिया एजेंसियों द्वारा गहन जांच शुरू किए जाने की जानकारी मिली है। जानकारी के अनुसार बी.एस.एफ. की 115वीं बटालियन और एन.सी.बी. की टीम द्वारा सीमावर्ती गांव लहियां के पास संयुक्त कार्रवाई की गई।


