बीजेपी नेता और पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें अपनी बेटी की शादी का न्योता दिया। मनप्रीत बादल अपने परिवार के साथ प्रधानमंत्री से मिलने पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शादी का निमंत्रण पत्र, मिठाइयों के डिब्बे और फूलों का गुलदस्ता भेंट किया। इस मुलाकात को सुखद बताते हुए मनप्रीत सिंह बादल ने प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया और उनका आशीर्वाद मांगा।
मुलाकात के दौरान मनप्रीत बादल की पत्नी, बेटा और बेटी भी मौजूद थे। परिवार ने प्रधानमंत्री को शादी समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया।इस मुलाकात के बाद, बादल परिवार और बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व के बीच संबंधों को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है।
इसकी एक वजह पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और नरेंद्र मोदी के बीच संबंधों का इतिहास है। प्रकाश सिंह बादल और नरेंद्र मोदी के रिश्तों की बात करें तो कई ऐसे मौके आए हैं जब उनकी मुलाकातें और एक-दूसरे के प्रति सम्मान देखने को मिला है।
प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्रकाश सिंह बादल के प्रति नरेंद्र मोदी के सम्मानपूर्ण व्यवहार की एक तस्वीर ने भी काफी ध्यान खींचा था। प्रकाश सिंह बादल पंजाब की राजनीति के एक अनुभवी नेता थे और राष्ट्रीय स्तर पर भी उनका एक खास कद था।


