अगले चार दिनों तक पंजाब और चंडीगढ़ में अलग-अलग जगहों पर बारिश होने की संभावना है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने 5 सितंबर तक बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। पंजाब के 13 जिलों में मंगलवार को बारिश होने की संभावना है। चंडीगढ़ में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है, एक-दो जगहों पर बारिश या गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
पिछले कुछ दिनों से बारिश न होने के कारण पंजाब में गर्मी और नमी बढ़ी है। हालांकि, हिमाचल प्रदेश में बारिश होने के कारण राज्य का औसत तापमान 0.4 डिग्री कम हो गया है। इसके बावजूद, पंजाब में तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक है।राज्य में सबसे अधिक तापमान, 38.3 डिग्री सेल्सियस फरीदकोट में दर्ज किया गया। चंडीगढ़ का मौसम इन दिनों काफी सुहावना बना हुआ है।
अगस्त में 27 दिनों के लिए एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 50 से नीचे रहा।सूबे के पांच जिलों पठानकोट, हुशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में एक-दो जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
हालांकि सोमवार को भी सूबे के करीब नौ जिलों में बारिश होने की संभावना थी, लेकिन पठानकोट को छोड़कर कहीं भी बारिश नहीं हुई। पठानकोट में 1.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू के ऊपरी वायुमंडल में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जो पंजाब के मौसम को भी प्रभावित कर रहा है। इसके अलावा, मानसून ट्रफ अमृतसर और पटियाला से होकर गुजर रही है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव के कारण, पंजाब के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने और बारिश होने की उम्मीद है।


