भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार यानी 11 अगस्त 2026 को कारोबार की शुरुआत कमजोर रही है. शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 250 अंक से ज्यादा टूट गया, जबकि निफ्टी 50 भी 24,550 के नीचे फिसल गया है. निवेशकों के बीच मिडिल ईस्ट की स्थिति और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों को लेकर चिंता बनी हुई है. वहीं एयरटेल और इंडिगो जैसे बड़े शेयरों में कमजोरी ने भी बाजार पर दबाव बनाया।
भारतीय बाजार खुलने से पहले ही कमजोरी के संकेत मिल गए थे. NSE IX पर गिफ्ट निफ्टी 15 अंक यानी 0.06% गिरकर 24616.50 पर कारोबार कर रहा था. इससे संकेत मिल रहा था कि मंगलवार को घरेलू बाजार की शुरुआत हल्की कमजोरी के साथ हो सकती है. सोमवार को भी बाजार में ज्यादा हलचल नहीं हुई थी. सेंसेक्स और निफ्टी लगभग सपाट बंद हुए थे।
घरेलू बाजार के अलावा मंगलवार को एशियाई शेयर बाजारों में भी कमजोरी देखने को मिली है. अमेरिकी इक्विटी इंडेक्स फ्यूचर्स भी दबाव में रहे, यानी भारतीय बाजार को ग्लोबल मार्केट से भी बहुत मजबूत सपोर्ट नहीं मिल रहा था।


