पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान अब सबके सामने आ गई है। अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल और प्रदेश अध्यक्ष राजा वडिंग कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर रहे हैं, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में नारे लगाए जा रहे हैं। आज मोगा में हुई बैठक के दौरान चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थकों ने जमकर हंगामा किया।
‘हर बूथ कांग्रेस मज़बूत’ अभियान के तहत मोगा में हुई बैठक का चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थकों ने बहिष्कार किया। उन्होंने मांग की कि चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया जाए। साथ ही, इन कार्यकर्ताओं ने ‘चन्नी को लाओ, पंजाब बचाओ’ के नारे भी लगाए। इसके अलावा, राजा वडिंग और भूपेश बघेल के आने से पहले इलाके में दोनों नेताओं के विरोध में और चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में पोस्टर भी लगाए गए थे।


