लुधियाना में स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) से ठीक पहले, पंजाब को दहलाने की धमकी देने वाले एक ईमेल ने प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है। लुधियाना ज़िला अदालत, चंडीगढ़ प्रशासन और ई-कोर्ट सिस्टम से जुड़े एक ईमेल पर धमकी भरा संदेश मिला है। इस ईमेल में सीधे तौर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और गवर्नर गुलाब चंद कटारिया को 15 अगस्त तक बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।
यह ईमेल सोमवार, 3 अगस्त को सुबह 8:57 बजे mianetzy8@gmail.com आईडी से भेजा गया था। इसमें कहा गया है कि खालिस्तान नेशनल आर्मी (KNA) और बब्बर खालसा (परमार-कनाडा गुट) ने पंजाब में संयुक्त “सशस्त्र संघर्ष” का ऐलान किया है। धमकी भरे पत्र में आम जनता और अभिभावकों को डराने की भी कोशिश की गई है।
आतंकवादियों ने लिखा है कि किसी को भी 15 अगस्त को अपने बच्चों को सरकारी कार्यक्रमों या स्कूलों में नहीं भेजना चाहिए, क्योंकि कई जगहों पर बम धमाके होंगे। उन्होंने खास तौर पर चेतावनी दी है कि 15 अगस्त को सबसे बड़ा धमाका फिरोजपुर में होगा।


