अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी का मामला सामने आया है। डायरेक्टरेट ऑफ़ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) अमृतसर और कस्टम डिपार्टमेंट की ज्वाईंट टीम ने एक बड़े ऑपरेशन में शारजाह से आ रहे एक पैसेंजर को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, पैसेंजर शारजाह से फ्लाइट नंबर 6E1428 से अमृतसर आया था। शक होने पर उसे रोका गया और एक्स-रे स्कैनिंग से उसकी पूरी बॉडी की तलाशी ली गई। जांच के दौरान पैसेंजर के पास से पेस्ट के रूप में 174 ग्राम (ग्रॉस वेट) सोना बरामद हुआ।
सोने को अलग करने के बाद उसका नेट वेट 150.04 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹22,05,588 है। फिलहाल, कस्टम और DRI की टीमें मामले की जांच कर रही हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि सोने की तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो एक्टिव नहीं है और इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


