उत्तर भारत समेत कई राज्य इस समय भीषण गर्मी की चपेट में हैं. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार (21 मई) को देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम बदला हुआ नजर आएगा. पश्चिमी और मध्य भारत में जहां गर्मी और सताएगी तो वहीं दूसरी ओर दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश अपना असर दिखाएगी।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर से लेकर मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज भी हीट वेव और भीषण गर्मी का कहर देखने को मिलेगा. मध्य प्रदेश के उत्तरी जिलों में भीषण लू चलने की आशंका है. राजस्थान के रेगिस्तान से आने वाली हवाएं अब दिल्ली और मध्य प्रदेश के इलाकों को और भी गर्म करने लगी हैं. दिन के समय दिल्ली समेत आस पास के राज्यों का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा रह सकता है।
उत्तर-पश्चिम राज्य जहां एक तरफ गर्मी से तप रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर पहाड़ी राज्यों में इस वक्त ठंड मौसम है. IMD की रिपोर्ट के मुताबिक हिमाचल प्रदेश , जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में आज गुरुवार को हल्की बारिश देखने को मिल सकती है. अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर जैसे राज्यों में पिछले काफी वक्त से लगातार बारिश हो रही है।
गुरुवार को भी इन राज्यों में बारिश की संभावना है. दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में गुरुवार को बारिश की संभावना है. तमिलनाडु और कर्नाटक में बादल छाए रहने की संभावना है. हालांकि इसकी वजह से उमस भी बढ़ेगी. मानसून को लेकर मौसम विभाग ने बताया कि मानसून तेजी बनाए हुए है और 26 मई को इसके केरल के तट पर आने की उम्मीद है।


