NRI SANJH JALANDHAR (16 MARCH)
चुनाव आयोग ने देश में लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि वर्तमान 17वीं लोकसभा का कार्यकाल 16 जून 2024 को समाप्त होने वाला है। उन्होंने चुनाव के पर्व को देश का पर्व बताते हुए कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश में चुनाव कराना अपने आप में एक बड़ी चुनौती है। लेकिन, आयोग ने पिछले दो वर्षों में इसे लेकर बड़ी तैयारी की है।
चुनाव आयोग ने देश में लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। वर्ष 2019 में हुए पिछले लोकसभा की तरह इस बार भी देश में सात चरणों में ही लोकसभा चुनाव करवाने की घोषणा की गई है। हालांकि, फेज वाइज तारीखों और सीटों की संख्या में बदलाव भी देखने को मिल रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार द्वारा शनिवार को घोषित किए गए लोकसभा चुनाव- 2024 के कार्यक्रम के अनुसार लोकसभा का चुनाव सात चरणों में होगा। पहले चरण के तहत 19 अप्रैल को लोकसभा की 102 सीटों पर मतदान होगा। जबकि, दूसरे चरण के तहत 26 अप्रैल को 89, तीसरे चरण के तहत 7 मई को 94, चौथे चरण के तहत 13 मई को 96, पांचवें चरण के तहत 20 मई को 49, छठे चरण के तहत 25 मई को 57 और सातवें चरण के तहत 1 जून को लोकसभा की 57 सीटों पर मतदान होगा। नतीजों की घोषणा 4 जून को होगी।
2019 में हुए पिछले लोकसभा चुनाव की बात करें तो उस समय भी सात चरणों में ही मतदान हुआ था। वर्ष 2019 में 11 अप्रैल को पहले चरण में लोकसभा की 91 सीटों पर मतदान हुआ था। जबकि, दूसरे चरण में 18 अप्रैल को 95, तीसरे चरण में 23 अप्रैल को 117, चौथे चरण में 29 अप्रैल को 71, पांचवें चरण में 6 मई को 50, छठे चरण में 12 मई को 59 और सातवें चरण में 19 मई को 59 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ था। नतीजों की घोषणा 23 मई 2019 को हुई थी।


