दिल्ली में गर्मी अब लोगों की मुश्किलें बढ़ाने लगी है, आसमान से जैसे आग बरस रही हो। वहीं बुधवार (20 मई) को राजधानी और आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी और हीटवेव का डबल अटैक देखने को मिल सकता है। सुबह से ही तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है, वहीं दोपहर के समय हालात और ज्यादा खराब होने की आशंका जताई गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के भी पार पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 27 डिग्री रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने खासतौर पर दोपहर और शाम के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है. इस दौरान तेज गर्म हवाएं यानी लू चल सकती है. इसके साथ ही सतही हवाएं भी तेज रहने की संभावना है. डॉक्टरों का कहना है कि बुजुर्ग, बच्चे और पहले से बीमार लोग इस मौसम में ज्यादा सतर्क रहें. बिना जरूरी काम के दोपहर में बाहर निकलने से बचना चाहिए।
लगातार बढ़ती गर्मी का असर अब राजधानी की बिजली और पानी व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है. एयर कंडीशनर और कूलर का इस्तेमाल बढ़ने से बिजली की मांग तेजी से बढ़ रही है. कई इलाकों में पानी की खपत भी सामान्य दिनों के मुकाबले काफी ज्यादा हो गई है. ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है.


