कांग्रेस से निकाले जाने के बाद, पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डा. नवजोत कौर सिद्धू ने एक बड़ा राजनीतिक कदम उठाया है और अपनी नई राजनीतिक पार्टी ‘भारत राष्ट्रीय पार्टी’ बनाने की घोषणा की है, साथ ही पंजाब के नेताओं के बारे में एक बड़ा बयान भी दिया है।
नवजोत कौर सिद्धू ने एक अंग्रेजी अखबार को दिए बयान में कहा है कि आने वाले दिनों में वह पंजाब के कम से कम 37 दागी नेताओं के बारे में बड़ा खुलासा करेंगी। हालांकि, इस दौरान उन्होंने किसी भी नेता का नाम नहीं लिया। उन्होंने कहा कि इन राजनेताओं में 17 कांग्रेस नेता भी शामिल हैं। डा. सिद्धू का कहना है कि यह राजनेता पंजाब के हितों के खिलाफ काम कर रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी उन्होंने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के खिलाफ बड़े बयान दिए हैं। नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि उनका मकसद पंजाब की खोई हुई शान को वापिस लाना और सच्चाई और प्रेम के रास्ते पर चलना है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा राजनीतिक नेताओं के कामकाज को देखते हुए, एक नए राष्ट्रीय विकल्प की जरूरत महसूस की गई है।इससे पहले, कांग्रेस छोड़ते समय डा. सिद्धू ने सनसनीखेज दावा किया था कि राज्य का मुख्यमंत्री बनने के लिए 500 करोड़ रुपये से भरा एक ब्रीफकेस चाहिए होता है। उन्होंने कहा था कि वह और उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू ऐसा नहीं कर सकते।


