अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर हो गया। इसका असर सोने की कीमतों पर पड़ना लाजमी है। बाजार ओपन होने से पहले मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 24 कैरेट सोने का वायदा भाव आज सुबह तक 0.11% बढ़कर यानी 159 रुपये तेजी के साथ 1,50,448 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। पिछले दिन यह 1,50,289 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
गौर हो कि वायदा बाजार में सोना 29 जनवरी को 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऑल टाइम हाई पर था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 2.33% बढ़कर $4842 प्रति औंस हो गया है। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार दिल्ली में 24 कैरेट वाला सोना टूटकर 1,53,200 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) रह गया। उधर गुडरिटर्न्स के मुताबिक 24 कैरेट सोना का भाव 1,49,990 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है।
वहीं इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक 24 कैरेट वाला सोना बुधवार सुबह तक 1,47,786 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।दिल्ली में 24 कैरेट वाला सोना 600 रुपये के नुकसान के साथ 1.53 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। दिल्ली के सर्राफा बाजार में, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 600 रुपये या 0.4 प्रतिशत टूटकर 1,53,200 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) रह गया।
पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,53,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वैश्विक स्तर पर हाजिर सोने की कीमत थोड़ी बढ़कर 4,659.16 डॉलर प्रति औंस हो गई। यह विदेशी बाज़ारों में निवेशकों की सतर्कता को दर्शाता है।


