मशहूर सिंगर्स, हनी सिंह और बादशाह की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। दिल्ली हाई कोर्ट ने दोनों के विवादित गाने ‘वॉल्यूम 1’ पर सख़्त रुख अपनाते हुए, इसे सभी सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म और म्यूज़िक स्ट्रीमिंग ऐप्स से तुरंत हटाने के आदेश जारी किए हैं।हाई कोर्ट ने इस गाने के बोलों पर गहरी चिंता ज़ाहिर करते हुए कहा कि यह गाना इंसान की अंतरात्मा को झकझोर देने वाला है।
कोर्ट ने इस गाने को बेहद आपत्तिजनक, अश्लील और घिनौना करार दिया है। बेंच ने कहा कि इस गाने के बोल महिलाओं के प्रति अत्यधिक अभद्रता और अपमान से भरे हुए हैं। कोर्ट के अनुसार, कोई भी सभ्य समाज ऐसी सामग्री को डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म पर बने रहने की इजाज़त नहीं दे सकता।
यह ज़िक्र करना ज़रूरी है कि ‘वॉल्यूम 1’ एक ऐसा गाना है जो कई साल पुराना था, और जिसके बारे में लंबे समय से विवाद चल रहा था। हालांकि इसे हटाने की माँग कई बार की गई थी, लेकिन अब दिल्ली हाई कोर्ट ने सख़्ती दिखाते हुए इसे पूरी तरह से बैन करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने यह साफ़ कर दिया है कि ऐसे गाने सामाजिक ताने-बाने और नैतिकता के लिए एक ख़तरा हैं।


