लुधियाना में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष परमिंदर तिवारी की हत्या के मामले में अहम जानकारी सामने आई है। ADCP जशदीप सिंह गिल ने बताया कि तिवारी की हत्या प्रॉपर्टी विवाद के चलते की गई थी। इस वारदात को खोखरा के रहने वाले विजय कुमार नाम के एक व्यक्ति ने अंजाम दिया था।विजय कुमार ने पंचायत की ज़मीन पर कब्ज़ा कर रखा था, जिसे तिवारी और गांव के सरपंच ने खाली करवाया था।
इसी रंजिश के चलते विजय ने तिवारी की हत्या कर दी। रविवार शाम 6:30 बजे तिवारी माछीवाड़ा के गांव तखर में बस स्टैंड के पास अपने क्वार्टर के बाहर कुर्सी पर बैठे थे। तभी दो लोग उनके पास आए और पीछे से कुल्हाड़ी से उनके सिर पर तीन बार वार किया, जिससे उनका सिर फट गया और वे ज़मीन पर गिर पड़े। हमलावर मौके से फरार हो गए।
उनके बेटे मौके पर पहुंचे और उन्हें खून से लथपथ ज़मीन पर पड़ा पाया। उन्हें तुरंत माछीवाड़ा के सिविल अस्पताल ले जाया गया हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उनका परिवार उन्हें फोर्टिस अस्पताल ले गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कुमकल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। तिवारी ‘संत बाबा सुंदरदास मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल’ के मालिक थे।


