पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के बीच सोने की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। आज बाजार ओपन होते ही सोने की कीमतें लुढ़कनी शुरू हो गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 24 कैरेट सोने का वायदा भाव सुबह 10 बजे तक 0.68% लुढ़क कर यानी 982 रुपये गिरावट के साथ 1,47,430 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। यह पिछले कारोबारी दिन 144282 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
गौर हो कि वायदा बाजार में सोना इस साल 29 जनवरी को 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऑल टाइम हाई पर था। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार दिल्ली में 24 कैरेट वाला सोना 1,47,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) पर है। उधर गुडरिटर्न्स के मुताबिक 24 कैरेट सोना का भाव 1,48,220 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है।
कारोबार में शुक्रवार को सोने की कीमत में तेजी आई। अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 1,997 रुपये (1.43%) चढ़कर 1,41,490 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। इससे पहले गुरुवार के शाम सत्र में यह 4,604 रुपये (3.2%) गिरकर 1,39,493 रुपये पर बंद हुआ था। इसी तरह जून डिलीवरी वाला सोना भी 1,811 रुपये (1.27%) बढ़कर 1,44,325 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।
पिछले सत्र में यह 4,926 रुपये (3.34%) गिरकर 1,42,514 रुपये पर था। अंतरराष्ट्रीय बाजार (कॉमेक्स) में अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 89.1 डॉलर (2.04%) बढ़कर 4,465.4 डॉलर प्रति औंस और जून कॉन्ट्रैक्ट 80.55 डॉलर (1.83%) चढ़कर 4,489.55 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।


