जालंधर के संतोखपुरा इलाके में डा.यशपाल के घर और कार पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने एक प्रैस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस गिरफ्तारी का खुलासा किया। आरोपियों की पहचान जगजीत सिंह (बेटा दलजीत सिंह) और लवप्रीत सिंह (बेटा कुलवंत सिंह) के तौर पर हुई है,
जो अमृतसर के जंडियाला गुरु के गांव बडाला जोहल के रहने वाले हैं। पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी जगजीत सिंह के खिलाफ पहले भी केस दर्ज है।गौरतलब है कि 28 फरवरी की रात करीब 1:40 बजे बाइक सवार इन दो हमलावरों ने डॉक्टर के घर और उनकी नई कार पर 10 गोलियां चलाई थीं।
घटना के समय आरोपियों की मोटरसाइकिल पर धार्मिक झंडा लगा हुआ था और गोलियां चलाने के बाद वे करतारपुर की तरफ भाग गए।पुलिस ने CCTV कैमरों की मदद से कार्रवाई करते हुए देर रात उन्हें गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपियों के पास से दो पिस्टल (एक 30 बोर और एक 32 बोर), मैगज़ीन और घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
इसके अलावा, पुलिस ने घटना के दौरान पहने गए कपड़ों को भी अपने कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के खिलाफ थाना 8 में BNS और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत FIR नंबर 55 दर्ज की गई है। अब आरोपियों को माननीय कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां उनसे दूसरी घटनाओं और हथियारों के बारे में पूछताछ की जाएगी।


