खन्ना पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फिरोजपुर के निवासी दो सगे भाइयों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। ये दोनों आरोपी विदेशों में बैठे खतरनाक गैंगस्टर्स के लिए शूटर के रूप में काम कर रहे थे और पंजाब में दहशत फैलाने वाली कई घटनाओं में शामिल थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विशाल (25) और उसके छोटे भाई गौरा (23) के रूप में हुई है, जो निजामुद्दीन बस्ती, फिरोजपुर के निवासी हैं। ये दोनों अमेरिका स्थित सरबजीत सिंह साबी और कनाडा स्थित गोल्डी बराड़ गैंग के सीधे संपर्क में थे। विशाल 18 जनवरी 2026 को खन्ना में एक कपड़ा व्यापारी के घर पर हुई फायरिंग और कार को आग लगाने की घटना का मुख्य दोषी है।
पुलिस जांच के दौरान खुलासा हुआ है कि इन वारदातों को अंजाम देने के बदले आरोपियों को लाखों रुपये दिए जाते थे। जुलाई 2025 में माछीवाड़ा साहिब में की गई फायरिंग के लिए 2 लाख रुपये दिए गए थे। कपड़ा व्यापारी पर हमले के लिए 20 हजार रुपये मिले थे। आरोपी गौरा ने चमकौर साहिब में भी फायरिंग करने की बात कबूल की है।
एसएसपी खन्ना डा. अर्पण आहलूवालिया ने बताया कि ये दोनों पेशेवर शूटर हैं। विशाल को विदेशी हैंडलर विक्की टहिला ने हायर किया था, जबकि गौरा को सरबजीत सिंह साबी द्वारा हायर किया गया था। पुलिस अब इनके फरार साथियों की तलाश कर रही है और इनके बैंक खातों व मोबाइल फोनों की गहन जांच की जा रही है।



