पंजाब में शीत लहर और धुंध की स्थिति बनी हुई है, लोगों को 7 जनवरी तक इसका सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान रातें और भी ज्यादा ठंडी होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कल तक धुंध और शीत लहर के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि आगे के दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
हालांकि पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन इसके बावजूद अधिकतम तापमान अभी भी सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस कम चल रहा है। सबसे कम अधिकतम तापमान फरीदकोट में 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, कल से कड़ाके की सर्दी पड़ सकती है, क्योंकि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आगे बढ़ गया है। इस दौरान ठंडी हवाएं चलेंगी, जबकि धुंध बनी रहेगी।आज पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का,
फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, एसएएस नगर (मोहाली) और मलेरकोटला में घना कोहरा रहने की संभावना है।ऐसे में लोगों को सुबह और शाम घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


