रूपनगर के मुरिंडा में पूर्व मुख्यमंत्री और MP चरणजीत सिंह चन्नी के घर के पास फायरिंग हुई। कार की खरीद-फरोख्त को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद मीटिंग बुलाई गई, जहां झगड़े के बाद गोलियां चलीं। घटना सोमवार दोपहर करीब 3 बजे हुई। गोली व्यक्ति की कमर के पास से निकल गई।
पुलिस ने आरोपी सिकंदर को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, इस घटना का पूर्व CM चन्नी या उनके परिवार से कोई लेना-देना नहीं है। पीड़ित काली ने पुलिस को बताया कि कार डील की रकम करीब ₹3.5 लाख थी। पैसे लेने के बाद भी आरोपी ने कार पीड़ित के नाम पर ट्रांसफर नहीं की और बाद में किसी और को बेच दी।
इस मामले को लेकर दोनों पक्षों में कई दिनों से अनबन चल रही थी। घटना वाले दिन आरोपी ने पीड़ित को चन्नी के घर के पास मिलने के लिए बुलाया था। बातचीत के दौरान बहस बढ़ गई और आरोपी ने रिवॉल्वर निकालकर गोली चला दी। गोली पीड़ित के पास से निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया। राहगीरों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
उन्होंने केस दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और कानून के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।SP (D) रूपनगर गुरदीप सिंह ने बताया कि फायरिंग की यह घटना थाना सिटी मुरिंडा इलाके में पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा MP चरणजीत सिंह चन्नी के घर के पास हुई।
शुरुआती जांच में पता चला है कि यह झगड़ा कार के लेन-देन को लेकर हुआ था।पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्ष सड़क पर आमने-सामने थे, जहां आपसी झगड़े के दौरान एक व्यक्ति ने गोली चला दी। मौके पर मौजूद दूसरे पक्ष ने तुरंत आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के बयान दर्ज कर लिए हैं, और उनके बयानों के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। पूरे मामले की जांच जारी है।


