बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने हाल ही में दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है। सलमान ने अन्य मशहूर हस्तियों की तरह अपनी ‘पर्सनालिटी राइट्स’ की सुरक्षा के लिए कोर्ट में एक याचिका दायर की है। यह मामला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दुरुपयोग से जुड़ा है,
जहां उनकी इमेज, आवाज और पहचान का गलत इस्तेमाल हो रहा है।सलमान की याचिका में दावा किया गया है कि AI के बदलते दौर में उनकी इमेज, आवाज, चेहरा, डायलॉग्स और नाम का सोशल मीडिया पर गलत उपयोग किया जा रहा है। याचिका के अनुसार, डीपफेक और AI की मदद से उनकी इमेज को खराब किया जा रहा है,
जिससे उनकी ‘पर्सनालिटी’ पर बुरा असर पड़ रहा है। सलमान ने कोर्ट से कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, वेबसाइट्स और ई-कॉमर्स एंटिटी को उनके नाम, फोटो, आवाज, समानता या पर्सोना के किसी भी पहलू का बिना अनुमति इस्तेमाल करने से रोकने की मांग की है। यह अनधिकृत उपयोग न सिर्फ उनके पर्सनालिटी राइट्स का उल्लंघन करता है,
बल्कि जनता को गुमराह भी करता है और तीसरे पक्ष को उनकी पहचान से मुनाफा कमाने का मौका देता है।आज सलमान द्वारा दायर इस याचिका पर गुरुवार, 11 दिसंबर को कोर्ट में सुनवाई होगी। जस्टिस मन्मीत प्रीतम सिंह अरोड़ा इस मामले की सुनवाई करेंगे। सुनवाई के दौरान अभिनेता की शख्सियत को नुकसान पहुंचाने वाले मुद्दों पर चर्चा होगी।
यह पहली बार नहीं है जब किसी सितारे ने इस मुद्दे पर दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया हो। सलमान से पहले ऐश्वर्या राय बच्चन, अमिताभ बच्चन जैसे दिग्गज सितारे भी इसी मामले को लेकर कोर्ट पहुंच चुके हैं। इनके अलावा अक्षय कुमार, शिल्पा शेट्टी, ऋतिक रोशन, करण जौहर, अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ जैसे कई अन्य सितारे भी सोशल मीडिया पर AI की मदद से नाम बदनाम किए जाने का मुद्दा उठा चुके हैं।
हाल ही में ऐश्वर्या राय बच्चन, अभिषेक बच्चन, जया बच्चन, ऋतिक रोशन, अजय देवगन, करण जौहर, कुमार शानू, नागार्जुन, श्री श्री रविशंकर, पत्रकार सुधीर चौधरी और पॉडकास्टर राज शमनी को भी कोर्ट से अंतरिम सुरक्षा मिल चुकी है।
तेलुगु स्टार जूनियर एनटीआर ने भी ऐसी ही याचिका दायर की है, जिस पर फैसला लंबित है। कोर्ट ने पहले भी सेलेब्रिटीज के हक में फैसला सुनाया है, जिसमें AI-जनरेटेड कंटेंट और डीपफेक्स को इंटरनेट से हटाने के आदेश दिए गए हैं।


