अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वे चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के निमंत्रण पर अप्रैल में चीन जाएंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में इस दौरे की घोषणा की। इससे पहले दोनों नेताओं के बीच फोन पर हुई बातचीत को ट्रंप ने बहुत अच्छी बतायाट्रंप ने सोमवार को कहा कि बातचीत में यूक्रेन, रूस, फेंटानिल, सोयाबीन और अन्य खेती से जुड़े मुद्दों पर बात हुई।
उन्होंने बताया कि किसानों के हित में दोनों देशों के बीच एक महत्त्वपूर्ण समझौता हुआ है और यह आगे और बेहतर होगा। ट्रंप ने यह भी कहा कि यह बातचीत तीन सप्ताह पहले दक्षिण कोरिया में हुई उनकी सफल मुलाकात के बाद हुई है और दोनों पक्ष हाल के समझौतों को लागू रखने में अच्छी प्रगति कर रहे है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अगले वर्ष वे चीन के राष्ट्रपति का अमेरिका में स्वागत करेंगे।
ट्रंप प्रशासन के एक सीनियर अधिकारी ने इस बातचीत की पुष्टि की, लेकिन यह नहीं बताया कि फोन किस पक्ष ने किया था. वहीं, द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, यह बातचीत चीन की ओर से तय कराई गई थी।यह वार्ता ऐसे समय हुई है जब 30 अक्तूबर को बुसान में ट्रंप और शी की मुलाकात के बाद दोनों देशों ने एक वर्ष के लिए शुल्क और निर्यात नियंत्रण के विवाद को रोकने पर सहमति बनाई थी। दोनों देशों ने कहा था कि इस मुलाकात से आपसी संबंधों को स्थिर करने में मदद मिली है।


