Tuesday, September 1, 2026

Google search engine
Homeनेशनलपाकिस्तान में स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाने को दौरान हुई अंधाधुंध फायरिंग,...

पाकिस्तान में स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाने को दौरान हुई अंधाधुंध फायरिंग, 3 की मौत, 60 से अधिक लोग घायल

NRI SANJH JALANDHAR (14 AUGUST)

पाकिस्तान आज अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। हालांकि पाकिस्तान में स्वतंत्रता दिवस की खुशियां मातम में उस समय बदल गई, जब अंधाधुंध हवाई फायरिंग में कई लोगों को गोली लग गई। अंधाधुंध फायरिंग में 3 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में एक 8 साल की बच्ची और एक वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं। वहीं 60 से अधिक लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले में अब तक 20 से ज्यादा संदिग्धों की गिरफ्तारी की है। ये पूरा मामला कराची शहर का है।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, अजीजाबाद में जब एक छोटी बच्ची गली में घूम रही थी तो उसे आकर गोली लगी और उसकी मृत्यु हो गई। वहीं कोरंगी में एक व्यक्ति स्टीफन की मौत होने की पुष्टि हुई है।

आजादी का जश्न मनाने के दौरान फायरिंग की घटनाएं पूरे शहर में हुई हैं। यहां अजीजाबाद में एक बच्ची को गोली लगी और कोरंगी में स्टीफन नाम के शख्स की भी गोली लगने से मौत हुई है। जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, शहर भर में हुई इन घटनाओं में कम से कम 64 अन्य लोग घायल हुए है। अधिकारियों ने इस तरह की घटनाओं को लापरवाही का नतीजा बताते हुए खतरनाक बताया है। इस दौरान लोगों से स्वतंत्रता दिवस सुरक्षित तरीके से मनाने की अपील भी की गई है।

कराची के इन इलाकों में हुई फायरिंग

स्थानीय पुलिस के अनुसार, कराची के कई इलाकों में फायरिंग की घटना दर्ज की गई। इनमें लियाकताबाद, कोरंगी, लियारी, महमूदाबाद, अख्तर कॉलोनी, केमारी, जैक्सन, बाल्डिया, ओरंगी टाउन और पापोश नगर जैसे मुख्य तौर से इलाके हैं। वहीं शरीफाबाद, नॉर्थ नाज़िमाबाद, सुरजानी टाउन, जमान टाउन और लांधी जैसे इलाके भी इससे प्रभावित हुए हैं।

घायलों का इलाज और संदिग्धों की गिरफ्तारी

इस फायरिंग में घायल हुए लोगों को सिविल, जिन्ना और अब्बासी शहीद अस्पतालों के साथ निजी अस्पतालों में भी ले जाया गया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अलग-अलग क्षेत्रों से 20 से अधिक संदिग्धों की गिरफ्तारी की है। उनके पास से आधुनिक हथियार और गोलियां बरामद हुई हैं। पुलिस ने कहा है कि उनकी कार्रवाई जारी है और जो भी लोग इस हवाई फायरिंग में शामिल होंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पाकिस्तान में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान हर साल फायरिंग की घटना सामने आती है। 2024 में भी ऐसी घटना सामने आई थी। इसमें एक बच्चे की मौत हुई थी और 95 से अधिक लोग घायल हुए थे।  जनवरी 2024 में कराची शहरभर में हुई फायरिंग की अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 42 लोगों की मौत हुई है। इन घटनाओं में 233 लोग घायल हुए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments