Tuesday, October 20, 2026

Google search engine
HomeCrimeबाबा सिद्दीकी हत्याकांड: मास्टरमाइंड जीशान अख्तर कनाडा में गिरफ्तार, लॉरेंस बिश्नोई गैंग...

बाबा सिद्दीकी हत्याकांड: मास्टरमाइंड जीशान अख्तर कनाडा में गिरफ्तार, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है आरोपी

NRI SANJH JALANDHAR (11 JUNE)

एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। हत्याकांड के मास्टरमाइंड जीशान अख्तर (zeeshan akhtar) उर्फ जस्सी पुरेवाल को कनाडा में सरे पुलिस (कनाडा पुलिस) ने हिरासत में लिया है। मुंबई पुलिस ने इसकी पुष्टि की है। जीशान लॉरेंस बिश्नोई गैंग (Lawrence Bishnoi Gang) से जुड़ा हुआ है और हत्या की साजिश में शामिल था। जीशान पंजाब के जालंधर का रहने वाला है। अब जीशान को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू होगी।

हालांकि, सरेपुलिस (कनाडा पुलिस) ने जीशान अख्तर उर्फ जस्सी पुरेवल को किस आरोप में गिरफ्तार किया है इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। जानकारी के मुताबिक, जीशान हत्या के बाद फरार हो गया था और कथित तौर पर पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी की मदद से कनाडा पहुंच गया था।

बता दें कि बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर साल 2024 में उनके बांद्रा का कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जीशान अख्तर को बाबा सिद्दीकी की कॉन्ट्रैक्ट किलिंग का मास्टरमाइंड माना जाता है। हालांकि, अब उसको कनाडा पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

बांद्रा (वेस्ट) से तीन बार विधायक और महाराष्ट्र के पूर्व कैबिनेट मंत्री सिद्दीकी को हमलावरों ने कई बार गोली मारी थी। गोली मारने के बाद वो फरार हो गए थे। सिद्दीकी को फौरन लीलावती अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों की टीम ने बहुत कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। इस केस की गुत्थी सुलझाने और आरोपियों को पकड़ने में महाराष्ट्र पुलिस जुटी हुई है। हाई-प्रोफाइल हत्या मामले में प्रारंभिक गिरफ्तारियों से लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के कनेक्शन का पता चला था। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान दावा किया कि वो लगभग एक महीने से रेकी कर रहे थे।

26 लोगों को किया गया गिरफ्तार

इस मर्डर केस में अब तक कम से कम 26 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें कथित मुख्य शूटर शिव कुमार गौतम और जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई शामिल हैं। जिन्हें साजिश में उनकी कथित भूमिका के लिए अमेरिका में हिरासत में लिया गया था। सभी 26 आरोपियों के खिलाफ सख्त महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) लगाया गया है। पुलिस का मानना ​​है कि अख्तर ने हत्या को अंजाम देने में कॉर्डिनेशन में केंद्रीय भूमिका निभाई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments