Wednesday, April 29, 2026

Google search engine
Homeस्पोर्टसभारत फिर एडिलेड में हारा, ऑस्ट्रेलिया 10 विकेट से जीता, पर्थ की...

भारत फिर एडिलेड में हारा, ऑस्ट्रेलिया 10 विकेट से जीता, पर्थ की हार का किया हिसाब चुकता

NRI SANJH JALANDHAR (8 DECEMBER)

ऑस्ट्रेलिया ने भारत को तीसरे दिन ही एडिलेड टेस्ट में हरा दिया। ऑस्ट्रेलिया ने 19 रन के लक्ष्य को बिना विकेट गंवाए हासिल कर लिया। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने 5 टेस्ट की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 1-1 से बराबर कर ली। भारत ने पर्थ टेस्ट 295 रन से जीता था। एडिलेड टेस्ट की पहली पारी में तूफानी अंदाज में 140 रन ठोकने वाले ट्रेविस हेड प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट 14 दिसंबर से ब्रिसबेन में खेला जाएगा। 

भारत ने रविवार को एडिलेड टेस्ट के तीसरे दिन कल के 128/5 रन के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया और पूरी टीम 175 रन पर ढेर हो गई। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने सबसे अधिक 5 और स्कॉट बोलैंड ने तीन विकेट झटके। पहली पारी में 6 शिकार करने वाले मिचेल स्टार्क को 2 विकेट मिले। 

टीम इंडिया को मैच के तीसरे दिन ऋषभ पंत के रूप में पहला और ओवरऑल छठा झटका लगा। वह 28 रन बना सके। पंत तीसरे दिन के पहले ओवर में स्टार्क का शिकार बने। पंत 28 रन बनाकर आउट हुए। पंत के बाद बल्लेबाजी के लिए आए आर अश्विन भी ज्यादा समय तक क्रीज पर टिक नहीं सके। उन्हें पैट कमिंस ने एलेक्स कैरी के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद एक-एक करके भारत ने हर्षित राणा, नीतीश रेड्डी और मोहम्मद सिराज के विकेट गंवा दिए।

रेड्डी ने जरूर छोटी मगर अहम पारी खेली। उन्होंने 47 गेंद में 6 चौके और 1 छक्के की मदद से 42 रन बनाए। वो दूसरी पारी में भारत के टॉप स्कोरर रहे। बोलैंड ने सिराज को हेड के हाथों कैच कराकर भारतीय पारी को 175 रन पर समेट दिया। यशस्वी जायसवाल 24, केएल राहुल 7, शुभमन गिल 28, विराट कोहली 11 रन बनाकर आउट हुए। रोहित शर्मा फिर नाकाम रहे। उन्होंने 6 रन जोड़े। 

भारत ने टॉस जीतने के बाद पहली पारी में 180 रन बनाए थे। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 337 रन बनाकर 157 रन की बढ़त हासिल की थी। ट्रेविस हेड ने ऑस्ट्रेलिय़ा के लिए 140 रन की पारी खेली और यही निर्णायक साबित हुई। 

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments