NRI SANJH JALANDHAR (21 January)
नागपुर में रणजी ट्राफी के मैच खेले जा रहे हैं। रविवार को सौराष्ट्र और विदर्भ टीमों के बीच मैच खेला गया। इस मैच में सौराष्ट्र की टीम ने विदर्भ पर 238 रनों की जीत हासिल की है। चेतेश्वर पुजारा ने 66 रनों से अपने 20 हजार फर्स्ट क्लास रन का बेंचमार्क भी पूरा कर लिया हैं। इस मैच मे चिराग ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट हासिल किए। पुजारा अब सुनील गावस्कर, सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ के बाद 20,000 प्रथम श्रेणी रन जुटाने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।

पुजारा को 20 हजार रन पूरे करने के लिए 96 रन की आवश्यकता थी। उन्होंने विदर्भ के खिलाफ पहली पारी में 43 और दूसरी पारी में 66 रन बनाकर यह उपलब्धि हासिल की। पुजारा मौजूदा रणजी ट्रॉफी सीजन में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने राजकोट में झारखंड के खिलाफ नाबाद 243 रनों की पारी के साथ अपने सीजन की शुरुआत की। दूसरे मैच में हरियाणा के खिलाफ 49 और 43 रन बनाए थे।
पुजारा ने खेले हैं 100 से ज्यादा टेस्ट मैच
पुजारा ने भारत के लिए 103 टेस्ट मैचों में 44.36 की औसत से 7195 रन बनाए हैं। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में कुल मिलाकर उनके नाम 61 शतक और 77 अर्द्धशतक हैं। पुजारा की 66 रन की पारी ने सौराष्ट्र को नागपुर की चुनौतीपूर्ण पिच पर विदर्भ के सामने एक मजबूत लक्ष्य रखने में मदद की। विश्वरंज सिंह जडेजा ने सर्वाधिक 79 रन बनाए। वहीं, सलामी बल्लेबाज केविन जीवराजानी ने 57 रन बनाए। इससे सौराष्ट्र ने 244 रन बनाकर विदर्भ को अंतिम पारी में 373 रन का लक्ष्य दिया। सौराष्ट्र ने पहली पारी में 206 रन बनाये जिसके बाद उसने विदर्भ को पहली पारी में 78 रन पर ढेर कर दिया था।


